श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में संध्या-शयन आरती की बुकिंग अब पूरी तरह ऑनलाइन

उज्जैन: विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में दर्शन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मंदिर प्रबंध समिति ने बड़ा फैसला लिया है। अब बाबा महाकाल की संध्या आरती और शयन आरती की बुकिंग पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है। श्रद्धालु देश-विदेश से आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से घर बैठे आरती में शामिल होने के लिए अपना स्थान सुरक्षित कर सकेंगे।
मंदिर समिति के अनुसार, संध्या आरती की ऑनलाइन बुकिंग प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शुरू होगी, जबकि शयन आरती के लिए बुकिंग प्रतिदिन शाम 4 बजे से की जा सकेगी। दोनों आरतियों के लिए प्रति श्रद्धालु 250 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जो शीघ्र दर्शन शुल्क के समान है। बुकिंग प्रक्रिया ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर संचालित होगी।
आरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को प्रवेश द्वार क्रमांक-1 से ही प्रवेश दिया जाएगा। संध्या आरती के लिए शाम 6 बजे तक तथा शयन आरती के लिए रात 10 बजे तक मंदिर परिसर में प्रवेश अनिवार्य होगा।
मंदिर प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि आरती के दौरान भी चलित दर्शन की व्यवस्था पूर्ववत जारी रहेगी, ताकि जिन श्रद्धालुओं को आरती की बुकिंग नहीं मिल पाई है, वे भी कतारबद्ध होकर बाबा महाकाल के दर्शन कर सकें।
समिति का कहना है कि इस डिजिटल पहल का उद्देश्य व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी, सुगम और श्रद्धालु-अनुकूल बनाना है, जिससे उज्जैन आने वाले हर भक्त को सहज और दिव्य अनुभव प्राप्त हो सके।

Next Post

चंद देशों या धनाढ्यों के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता एआई का भविष्य: गुटेरेस

Thu Feb 19 , 2026
नयी दिल्ली, 19 फरवरी (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने गुरुवार को कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर सबका अधिकार होना चाहिए और इसका भविष्य कुछ गिनती के देशों या धनाढ्यों के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता है। श्री गुटेरेस ने यहां भारत मंडपम में इंडिया एआई समिट 2026 […]

You May Like