बुरहानपुर | मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के तुकईथड़ शासकीय विद्यालय में 10वीं बोर्ड की परीक्षा के दौरान गोपनीयता भंग करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां तैनात प्राथमिक शिक्षिका राजकुमारी सोनी ने परीक्षा के दौरान अनुपस्थित छात्र की टेबल पर रखे अंग्रेजी के प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर अपलोड कर दी। पूछताछ में शिक्षिका ने स्वीकार किया कि उसने पेपर हल करवाकर नकल कराने के इरादे से फोटो एक अन्य व्यक्ति को भेजी थी। पुलिस ने शिक्षिका के खिलाफ मध्यप्रदेश मान्यता प्राप्त परीक्षा अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदौर संभाग के आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी शिक्षिका राजकुमारी सोनी, केंद्र अध्यक्ष जितेंद्र कुमार कुलकर्णी और सहायक केंद्राध्यक्ष अनीता दीक्षित को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि परीक्षा केंद्र पर मोबाइल का प्रवेश और प्रश्नपत्र की फोटो खिंचना केंद्राध्यक्ष की बड़ी पर्यवेक्षकीय लापरवाही है। निलंबन अवधि के दौरान इन सभी का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय नियत किया गया है।
इस घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में परीक्षा रद्द होने को लेकर भारी चिंता देखी गई। हालांकि, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह ‘पेपर लीक’ की श्रेणी में नहीं आता है। अधिकारियों के अनुसार, शिक्षिका ने सुबह 9:06 बजे फोटो अपलोड की थी, जबकि सभी परीक्षार्थी सुबह 8:40 बजे तक केंद्रों के भीतर अपनी सीट पर बैठ चुके थे। चूंकि पेपर वितरण के बाद और परीक्षा शुरू होने के बाद फोटो साझा की गई, इसलिए बाहर से किसी को अनुचित लाभ नहीं मिल सका। फिलहाल बोर्ड द्वारा दोबारा परीक्षा कराने की कोई योजना नहीं है और परीक्षा को मान्य माना गया है।

