आधी रात घर में घुसा मगरमच्छ, वन विभाग की तत्परता से टली अनहोनी

चितरंगी: वन परिक्षेत्र करथुआ अंतर्गत ग्राम बड़कुड़ में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मगरमच्छ अचानक रामबली तिवारी के घर में घुस आया। रात करीब तीन बजे घर के आंगन में मगरमच्छ को देखकर परिवार के सदस्यों के होश उड़ गए। घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। परिजन किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे और तुरंत ग्रामीणों तथा प्रशासन को सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन परिक्षेत्र अधिकारी चितरंगी रविशेखर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन परिक्षेत्र चितरंगी एवं वन परिक्षेत्र करथुआ की संयुक्त टीम गठित की गई। रेस्क्यू अभियान के दौरान थाना प्रभारी (टीआई) सुदेश तिवारी का भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की 112 टीम को मौके पर तैनात किया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रही।

रेस्क्यू कार्यवाही से पहले वन विभाग की टीम ने घर के आसपास भीड़ को हटाया और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित घेरा बनाया। इसके बाद विशेष उपकरणों की सहायता से मगरमच्छ को काबू में किया गया। लगभग एक घंटे तक चले इस अभियान में चितरंगी वन परिक्षेत्र से सुरेश प्रजापति (वनपाल) एवं भोला यादव (सुरक्षा समिति), करथुआ वन परिक्षेत्र से भैयालाल नापित तथा शेरवा वन परिक्षेत्र से हरिप्रसाद सेन (वन रक्षक) और मुरली यादव (सुरक्षा समिति) सक्रिय रूप से मौजूद रहे।वन विभाग की टीम ने पूरी सावधानी और सतर्कता के साथ मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया और उसे आबादी क्षेत्र से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। इस दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

Next Post

जंगल में मंगल की तैयारी, दो देशों के राष्ट्रपतियों का इंतजार

Thu Feb 19 , 2026
ग्वालियर चंबल डायरी हरीश दुबे कूनो के जंगल में मंगल की तैयारी है। भारत के जंगलों में अंधाधुंध शिकार और पर्यावरण असंतुलन के चलते चीते दसियों साल पहले अपना अस्तित्व खो चुके थे और 1952 में ही इन्हें विलुप्त घोषित कर दिया गया था लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने कूनो के […]

You May Like