इंदौर: चंदन नगर पुलिस ने क्षेत्र के सक्रिय और कुख्यात भूमाफिया फारूख उर्फ लंबू को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है. आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और भोले-भाले गरीब लोगों को प्लॉट का लालच देकर उनकी जीवनभर की कमाई हड़प रहा था. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के पीड़ितों में न्याय की उम्मीद जगी है.
चंदन नगर टीआई तिलक करोले के अनुसार, 13 जनवरी को मुदस्सर नागौरी की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी मो. फारूख उर्फ लंबू निवासी चंदू वाला रोड फरार था. मंगलवार को पुलिस ने सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. जैसे ही भूमाफिया की गिरफ्तारी की खबर फैली, पीड़िता साईना बी सहित कई अन्य लोग शिकायत लेकर थाने पहुंच गए. साईना बी की रिपोर्ट पर पुलिस ने एक और नया मामला दर्ज किया है.
करोड़ों का घोटाला और महंगे शौक
जांच में सामने आया है कि फारूख ने सैकड़ों पीड़ितों के साथ भूखंड के नाम पर करोड़ों रुपए की जालसाजी की है. पीड़ितों की जमापूंजी से वह अपने महंगे शौक पूरे कर रहा था. पुलिस पूछताछ में कई अन्य पीड़ितों के मामले भी उजागर हुए हैं, जो अब धीरे-धीरे सामने आ रहे हैं. आरोपी के विरुद्ध पूर्व से ही 6 संगीन अपराध पंजीबद्ध हैं, जिनमें से 4 प्रकरण प्लॉटों को लेकर धोखाधड़ी और कूट रचित दस्तावेज तैयार करने से संबंधित हैं. पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है. रिमांड के दौरान पुलिस अन्य बेनामी संपत्तियों और इस जालसाजी में शामिल उसके अन्य साथियों के बारे में भी पूछताछ करेगी.
