
नई दिल्ली। राजधानी के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां दो इमारतें अचानक ढह गईं। इनमें से एक छह मंजिला इमारत थी, जिसमें पीजी संचालित हो रहा था। हादसे के समय कई छात्र अपने कमरों में मौजूद थे, जिससे मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका बनी हुई है।
घटना करीब दोपहर दो बजे की बताई जा रही है। राहत और बचाव दल ने अब तक पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, लेकिन मलबे में कितने लोग फंसे हैं, इसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। बचाव दल लगातार मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रहा है।
हादसे के बाद एहतियात के तौर पर आसपास की अन्य इमारतों को भी खाली करा लिया गया है। मलबे में कुछ वाहन भी दबे होने की जानकारी सामने आई है। मौके पर दमकल की करीब 10 गाड़ियां राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं।
