सौसर: क्षेत्र के सुप्रसिद्ध चमत्कारिक जामसावली हनुमान मंदिर के पास एक लगभग 30 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बीती रात की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने शव को देखा, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सौसर पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया।
गले और मुंह पर चोट के निशान
प्राथमिक तौर पर शव को देखने से मामला संदिग्ध और हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के मुंह और गले पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की गला दबाकर या मारपीट कर हत्या की गई है और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को मंदिर के समीप फेंक दिया गया।
शिनाख्त के प्रयास जारी:
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष है, लेकिन तलाशी के दौरान उसके पास से ऐसा कोई दस्तावेज या सामान नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। फिलहाल युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
जांच में जुटी पुलिस
सौसर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस आस-पास के क्षेत्रों, थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की पहचान की कोशिश कर रही है। साथ ही, जामसावली मंदिर मार्ग और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके। टीआई रूपलाल उईके का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।
