
अशोकनगर। जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत कोतवाली पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 6.05 ग्राम स्मैक हेरोइन जप्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में जप्त मादक पदार्थ की कीमत करीब 60,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस कप्तान राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन एवं एसडीओपी विवेक शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस को यह सफलता मिली। 11 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पडरिया रोड स्थित आरा मशीन के पास एक व्यक्ति स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। जहां पुलिस को देखते ही संदिग्ध ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
आजाद मोहल्ले का निवासी है आरोपी:
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम कालू उर्फ जाविद खान 36 वर्ष, निवासी आजाद मोहल्ला अशोकनगर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक बरामद हुई। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 364/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस हृष्ठक्कस् एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस आरोपी से इस अवैध कारोबार के मुख्य नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रवि प्रताप सिंह चौहान, उपनिरीक्षक जंगबहादुर सिंह तोमर, सउनि विनोद तिवारी, प्रधान आरक्षक दिनेश सिंह कुशवाह, आरक्षक भानु रघुवंशी, पवन धाकड़, कृष्ण कुमार रघुवंशी और महिला प्रधान आरक्षक भूपेन्द्र राजा बुंदेला की मुख्य भूमिका रही।
