रेलवे क्षेत्र में हो रहा है अभूतपूर्व विकास : वैष्णव

जयपुर ,16 अक्टूबर (वार्ता) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए गये अहम फैसलों से रेलवे क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हो रहा है और रोज नये आयाम स्थापित किये जा रहे हैं।

श्री वैष्णव ने यहां खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से यात्री सुविधाओं के लिए 65 छोटे और मध्यम स्टेशनों पर किये गये नये प्लेटफॉर्मों के निर्माण, उन्नयन और विस्तार तथा एकीकृत यात्री सूचना प्रणाली का लोकार्पण करते हुये यह बात कही।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्री मोदी की दूरदर्शिता और मार्गदर्शन के कारण ही रेलवे क्षेत्र में इतने परिवर्तन संभव हो पाये हैं। वह हमेशा ऐसी तकनीक को लाने पर बल देते है जिससे यात्रियों और आम लोगो को सुविधा मिल सके।

रेल मंत्री ने कहा कि यात्रियों की सुविधा के मद्देनजर प्रायोगिक तौर पर प्रिटेंड कंबल कवर की शुरूआत की गयी है। इसमें वोकल फॉर लोकल को ध्यान में रखते हुये स्थानीय प्रिंट के कंबल कवर का उपयोग किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगो को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकेंगे ।

इस दौरान जयपुर की सांसद मंजू शर्मा, राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाडी, बगरू के विधायक कैलाश चन्द वर्मा, महाप्रबन्धक, उत्तर पश्चिम रेलवे अमिताभ, जयपुर के मंडल रेल प्रबन्धक रवि जैन और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Next Post

महिलाओं को कृषि शिक्षा और अनुसंधान में आगे बढ़ने की जरुरत: आनंदीबेन

Thu Oct 16 , 2025
बांदा 16 अक्टूबर (वार्ता) कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुये उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने गुरुवार को कहा कि महिला शक्ति को कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान में आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 24 हजार करोड रुपए की लागत की […]

You May Like