जबलपुर: 29 की उम्र में 39 अपराध करने वाले कुख्यात बदमाश को रासुका में जेल भेज दिया गया है।मदनमहल थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि मुकेश उर्फ मुक्कू पटेल पिता महेश पटेल 29 वर्ष निवासी मेहता पेट्रोल पम्प के सामने मछली मार्केट के पास मदनमहल, एक अपराधी प्रवृत्ति का युवक है जो वर्ष 2013 से अपराध घटित किये जा रहा है जिसके खिलाफ मारपीट हत्या का प्रयास, लूट, अवैध वसूली, जुआ, आम्र्स एक्ट विस्फोटक पदार्थ अधिनियम आदि के 39 अपराध दर्ज है.
जिसके खिलाफ समय समय पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गयी, लेकिन आरोपित की आदतों में सुधार न लाकर लगातार अपराध किए जा रहा था। जिस पर अंकुश लगाने पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के प्रतिवेदन पर कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह ने शातिर बदमाश मुकेश उर्फ मुक्कू पटेल के खिलाफ एनएसए के तहत वारंट जारी किया गया। जिसमें उसकी गिरफ्तारी दर्ज कर उसे केन्द्रीय जेल में निरूद्ध कराया गया।
12 फरवरी को हुए गोलीकांड में भी बना था आरोपी
विदित हो कि 12 फरवरी को सिविल लाइन स्थित रोटरी क्लब के पास शादी समारोह के दौरान फायरिंग हुई थी। जिसमें दुर्गेश, श्रीकांत घायल हुए थे। इस मामले में आरोपी मुक्कू पटेल, देवू पटेल, लकी पटेल, अभिषेक गोस्वामी और अन्य दो साथियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आम्र्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। मुक्कू पटेल को गिरफ्तार कर लिया है जबकि लकी, देवू, अभिषेक अब भी फरार है जिनकी तलाश जारी है।
