
रीवा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में भोपाल से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के 12 जिलों के आवेदकों से उनकी समस्याएं सुनी और निराकरण के संबंध में संबंधित कलेक्टर्स एवं विभाग प्रमुख से जानकारी ली.
उन्होंने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को समय पर मिले. छात्रवृत्ति का भुगतान छात्रों को उसी वर्ष हो जाना चाहिए जिस वर्ष वह जिस परीक्षा में शामिल हो रहा है. समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में रीवा जिले के तिवनी ग्राम के वार्ड क्रमांक 20 निवासी मनीष तिवारी द्वारा नलजल योजना अंतर्गत पानी की सप्लाई न आने की शिकायत की सुनवाई मुख्यमंत्री जी द्वारा की गई. कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जानकारी दी कि कंदैला समूह जल योजना में सम्मिलित ग्राम तिवनी उच्च स्तरीय टंकी से जुड़ा हुआ है. शिकायतकर्ता के घर की ओर टंकी से जाने वाली पाइपलाइन एमपीयूडीसी द्वारा पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त कर दी गई थी. क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को सुधार कर जल आपूर्ति बहाल कर दी गई है. मुख्यमंत्री डॉ यादव ने निर्देश दिए कि विभागीय समन्वय बनाकर कार्य करें समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में कमिश्नर कार्यालय में रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी राजेश सिंह अपर आयुक्त नीतू माथुर तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे. जबकि कलेक्ट्रेट के एनआईसी में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, शिकायतकर्ता तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.
