सतना :कोलगवां थाना अंतर्गत बिरला रोड पर शाम के समय उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवती से सरेराह मोबाइल छीनने का प्रयास किया गया. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस द्वारा आरोपी को पहचानने की कोशिश की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार बिरला रोड पर नवरंग पार्क कालोनी के निकट से एक युवती गुजर रही थी. युवती ने अपने हाथ में स्मार्ट फोन लिया हुआ था. युवती सडक़ किनारे पैदल चलते हुए मोबाइल में कुछ देखते हुए जा रही थी.
इसी दौरान एक युवक उसके पास आ धमका. देखते ही देखते युवक ने युवती के हाथ में मौजूद मोबाइल पर झपट्टा मारने का प्रयास किया. लेकिन इस दौरान युवती की नजर उस पर पड़ गई. लिहाजा हिम्मत दिखाते हुए पहले तो उसने अपने हाथ पीछे कर लिए और फिर पीछे भागते हुए शोर मचाना शुरु कर दिया. युवती द्वारा शोर मचाए जाने के कारण सहमा युवक उल्टे पांव वहां से भाग निकला. वहीं शोर गुल सुनकर आस पास मौजूद लोग एकत्र हो गए. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा जांच शुरु कर दी गई. पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज की मदद से युवक के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है
