अब विद्यालय प्राचार्य संभालेंगे आवारा कुत्तों की जिम्मेदारी

सतना: जिले के शासकीय विद्यालयों में अब बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक नया और सख्त कदम उठाया गया है। उच्च न्यायालय के निर्देशों के पालन में जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी करते हुए जिले के सभी शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, हाई स्कूल, माध्यमिक एवं प्राथमिक शालाओं के प्राचार्यों और संस्था प्रमुखों को विद्यालय स्तर पर नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी है।दरअसल, बीते कुछ समय से विद्यालय परिसरों में आवारा कुत्तों की आवाजाही लगातार बढ़ रही थी, जिससे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आ रही थीं। कई जगहों पर कुत्तों के काटने और बच्चों में भय का माहौल बनने की शिकायतें भी मिली थीं।

इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए उच्च न्यायालय ने दिशा-निर्देश जारी किए थे, जिनके अनुपालन में यह प्रशासनिक निर्णय लिया गया है। उद्देश्य साफ है कि विद्यार्थियों को एक सुरक्षित, संरक्षित और भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण मिल सके आदेश के तहत अब प्रत्येक विद्यालय में प्राचार्य नोडल अधिकारी के रूप में यह सुनिश्चित करेंगे कि विद्यालय परिसर में आवारा कुत्तों का प्रवेश पूरी तरह रोका जाए। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि कुत्ते छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के संपर्क में न आ सकें। विद्यालय परिसर में सुरक्षा के समुचित इंतजाम किए जाएं और कुत्तों के काटने जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सभी उपाय तत्काल अपनाए जाएं।

  पशोपेश में हैं जिम्मेदार
इस आदेश के बाद विद्यालयों के प्राचार्यों में नाराजगी और रोष भी देखने को मिल रहा है। कई प्राचार्यों का कहना है कि शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यों के साथ अब यह अतिरिक्त जिम्मेदारी उनके ऊपर डाल दी गई है, जबकि इसके लिए न तो संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं और न ही किसी प्रकार का सहयोगी अमला नियुक्त किया गया है। इसके बावजूद आदेश का पालन करना उनकी मजबूरी बन गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी संस्था प्रमुखों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि संबंधित पत्र के अनुसार आवश्यक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित की जाए।

Next Post

नए और पुराने बस स्टैंड के घालमेल में हो रही यात्रियों की दुर्गति

Mon Feb 16 , 2026
सतना: बस ऑपरेटर्स और प्रशासन के बीच नए इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) और पुराने बस स्टैंड को लेकर चल रही खींचतान ने आम यात्रियों का सफर नर्क बना दिया है। जहां प्रशासन नए बस स्टैंड को पूरी तरह सक्रिय करने के निर्देश दे चुका है, वहीं ऑपरेटर्स पुराने स्टैंड […]

You May Like