नए और पुराने बस स्टैंड के घालमेल में हो रही यात्रियों की दुर्गति

सतना: बस ऑपरेटर्स और प्रशासन के बीच नए इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) और पुराने बस स्टैंड को लेकर चल रही खींचतान ने आम यात्रियों का सफर नर्क बना दिया है। जहां प्रशासन नए बस स्टैंड को पूरी तरह सक्रिय करने के निर्देश दे चुका है, वहीं ऑपरेटर्स पुराने स्टैंड को छोडऩे को तैयार नहीं। नतीजतन यात्रियों को दोनों स्टैंडों के बीच 50 से 100 रुपये तक का मनमाना किराया चुकाना पड़ रहा है, जबकि आरटीओ के साथ हुई बैठक में किराया पहले ही तय कर दिया गया था।

रीवा, सीधी, मैहर और अमरपाटन रूट की बसें अभी भी पूरी तरह नए आईएसबीटी से नहीं चल रही हैं। सुबह 7:30 बजे तक इन रूटों की ज्यादातर बसें पुराने बस स्टैंड से ही रवाना हो रही हैं। यात्री नया स्टैंड पहुंचने के लिए ऑटो-टैक्सी वाले की दया पर निर्भर हैं, जो बेशर्मी से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। प्रशासन के निर्देशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नजर नहीं आ रही।
नए बस स्टैंड से बसें चलें या न चलें, लेकिन कुछ बस ऑपरेटर्स नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, रीवा रूट पर एक बस सर्विस की टाइमिंग सुबह 5:40 बजे तय है, लेकिन एक ही परमिट पर ऑपरेटर ने तीन बसें लगा रखी हैं—एक नया बस स्टैंड पर, दूसरी पुराना बस स्टैंड पर और तीसरी रेलवे स्टेशन पर। तीनों बसों की सवारियों को एक बस में ठूंसकर रवाना कर दिया जाता है।  इसी तरह एक अन्य बस सर्विस भी पुराने बस स्टैंड से सुबह सवारियां बैठाकर रवाना कर रही है। सवाल ये है कि एक परमिट पर तीन बसों का संचालन कानूनी रूप से कैसे हो रहा है? क्या परिवहन विभाग इस घोटाले से अनजान है या फिर आंखें बंद किए बैठा है?

 एसडीएम ने भरवाया बॉन्ड
विवाद सिर्फ बस स्टैंड तक सीमित नहीं है। नगर निगम की अनुबंधित सूत्र सेवा में भी बस ऑपरेटर्स के कर्मचारियों ने गुंडागर्दी शुरू कर दी है। 7 फरवरी को जैसे ही सूत्र सेवा नया बस स्टैंड से रवाना हुई, कारगित ढाबे के पास पाठक बस सर्विस का कर्मचारी पवन पयासी बस में घुस आया। उसने ड्राइवर और यात्रियों को गाली-गालौच करते हुए मारपीट की धमकी दे डाली। अगले दिन भी इसी कर्मचारी ने बस ड्राइवर और सवारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम राहुल सिलाडिया ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने बताया, सूत्र सेवा में गाली-गालौच करने वाले कर्मचारी से बांड भरवाया गया है। साथ ही कोलगवां थाने में धारा 107/16 के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

Next Post

ग्रामोदय विश्वविद्यालय का स्थापना स्मृति दिवस उल्लासपूर्वक संपन्न

Mon Feb 16 , 2026
सतना/चित्रकूट:महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय का स्थापना स्मृति दिवस अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर स्थित आनंदेश्वर मंदिर में रुद्राभिषेक, हवन, आरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने […]

You May Like