भोपाल: भाजपा के प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी ने कांग्रेस प्रदेश मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक द्वारा प्रशासनिक अधिकारी के प्रति अभद्र भाषा के प्रयोग की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय तक विपक्ष में रहने से बौखला गई है, जिसके चलते उसके नेता कभी महिलाओं, कभी संघ और कभी अधिकारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। सबनानी ने कहा कि कांग्रेस मानसिक तौर पर कंगाल हो चुकी है और अब उसके नेताओं के पास गरिमामयी शब्द भी नहीं बचे।
उन्होंने सवाल किया कि क्या कर्नाटक सहित अन्य राज्यों में भी कांग्रेस के नेता अधिकारियों के प्रति ऐसी ही भाषा का प्रयोग करते हैं? सबनानी ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए कई कार्य किए हैं, जबकि कांग्रेस नेता महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा और महिला मोर्चा ऐसे अनादर को बर्दाश्त नहीं करेंगे और कांग्रेस को जनता के बीच आईना दिखाते रहेंगे।
