दमकल की गाड़ियां समय पर आती तो झुग्गियों के साथ बच्चों की जान बचाई जा सकती: आप

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली के बवाना विधानसभा क्षेत्र की झुग्गियों में आग की घटना पर सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि अगर समय पर दमकल की गाड़ियां पहुंचती तो झुग्गियों के साथ-साथ दो मासूम बच्चों की जान बचाई जा सकती थी।

आप के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने कहा, कि कल बवाना विधानसभा क्षेत्र के रोहिणी इलाके में स्थित एक बड़ी झुग्गी बस्ती में आग लग गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में लगभग 400 झुग्गियां जलकर खाक हो गई, दो मासूम बच्चों की जलकर मृत्यु हो गई। श्री भारद्वाज के अनुसार स्थानीय लोगों के मुताबिक आग लगने की यह घटना पूर्वाह्न 11:00 से 11:30 के बीच घटित हुई। उन्होंने कहा इस विधानसभा क्षेत्र से विधायक और दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री रविंद्र सिंह इंद्रराज मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ घटनास्थल से मात्र 10 मिनट की दूरी पर बैठकर मन की बात कार्यक्रम सुन रहे थे, लेकिन उन्होंने घटनास्थल पर पहुंचकर उन गरीब झुग्गी वालों की सुद लेना जरूरी नहीं समझा।

श्री भारद्वाज ने कहा कि दमकल केंद्र घटनास्थल से मात्र पांच मिनट की दूरी पर स्थित है, लेकिन आग बुझाने के लिए घटनास्थल पर दमकलकर्मी घटना के लगभग दो घंटे बाद वहां पहुंचा, जब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था। उन्होंने कहा कि सामान्यतः जब कहीं आग लगने की घटना होती है तो स्थानीय लोग दमकल की सहायता करते हैं, ताकि जल्द से जल्द आग बुझाई जा सके। परंतु पहली बार ऐसा हुआ कि स्थानीय लोगों ने दमकल पर पथराव कर दिया। उसका कारण यह था, कि मात्र पांच मिनट की दूरी होने के बावजूद दमकल की गाड़ियां दो घंटे बाद पहुंची। जब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था, मासूमों की जलकर मृत्यु हो चुकी थी।

श्री भारद्वाज ने कहा, कि यह वही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) है जो दिल्ली चुनाव के समय इन्हीं झुग्गी बस्तियों में जाकर झुग्गी सम्मान यात्रा निकालने की बात कर रही थी। भाजपा के नेताओं में जरा सी भी संवेदना नहीं है। चुनाव में वोट प्राप्त करने और चुनाव जीतने के पश्चात आज जब इन झुग्गी बस्ती वालों को भाजपा के नेताओं की जरूरत पड़ी तो उनका एक भी नेता इन झुग्गी वालों के साथ खड़ा हुआ नजर नहीं आया। यहां तक की वहां के स्थानीय विधायक रविन्द्र सिंह इंद्रराज भी घटनास्थल पर नहीं पहुंचे।

Next Post

आतंकवाद की बेटी ‘नफ़रत’ परोसने वालों पर हो कार्रवाई : दानिश अली

Mon Apr 28 , 2025
नयी दिल्ली 28 अप्रैल (वार्ता) कांग्रेस के नेता और पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली ने भाजपा नेता निशिकांत दुबे के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा आतंकवाद की बेटी ‘नफ़रत’ परोसने वालों पर वास्तविक कार्रवाई हो। श्री दानिश अली ने एक्स पर आज कहा “नया चेहरा नहीं निशिकांत दुबे। […]

You May Like