सतना : महाशिवरात्रि का पर्व शहर सहित जिले भर में पूरे श्रद्धाभाव और उल्लस के साथ मनाया गया. भोर होते ही शिवालयों में जलाभिषेक, दर्शन-पूजन और प्रसाद चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरु हो गई, जो कि देर शाम तक देखने को मिला. कई स्थानों पर धूमधाम के साथ शिव बारात भी निकाली गई. इसके साथ ही जगह जगह भजन-कीर्तन और भण्डारा भी चलता रहा.महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार की भोर होते ही अधिकांश शिवालायों के पाट खुल गए.
जिसके चलते सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरु हो गया. महिलाएं-पुरुष से लेकर बच्चे भी अपने अपने हाथों में पात्र में जल लेकर भगवान भोलेनाथ को अर्पित करने के लिए पहुंचने लगे. श्रद्धालुओं द्वारा पूरे श्रद्धा भाव के साथ जल, दूध, घी, शक्कर, शहद व दही के साथ-साथ बेल पत्र, शमी, धतूरा और फल-फूल अर्पित किए गए. पर्व की महत्वता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रविवार को कई लोगों ने वृत भी रखा.
इसके अलावा कई श्रद्धालुओं द्वारा मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर पूजन अर्चन और अभिषेक करने के बाद उन्हें विधि विधान के साथ प्रवाहित कर दिया. शहर में श्रद्धालुओं की सबसे अधिक भीड़ चित्रकूट रोड स्थित पशुपति नाथ धाम और शहर के मध्य में स्थित जगतदेव तलाब स्थित शिव मंदिर में देखने को मिली. इसके साथ ही पन्नीलाल चौक, रेलवे कालोनी, राजेंद्र नगर, प्रेम नगर, पतेरी, खेरमाई रोड व अन्य क्षेत्रों में स्थित शिव मंदिरों में भी खासी संख्या में श्रद्धालु देर शाम तक पहुंचते रहे.
इसी कड़ी में जिले के बिरसिंहपुर स्थित भगवान गैवीनाथ धाम, उचेहरा स्थित भूतेश्वर नाथ, और चित्रकूट स्थित मतगजेंद्र नाथ मंदिर में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर दर्शन-पूजन और अभिषेक किया. इसके साथ ही भगवान भोलेनाथ को प्रसाद भी चढ़ाया गया. शिवालयों में श्रद्धालुओं की भरी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर के आस पास मेला सा लगा रहा. नारियल, प्रसाद, फूल माला और बेल पत्र बेचने के लिए तो अस्थायी दुकानों की लाइन लगी रही.
इसके अलावा ग्राहकों को लुभाने के लिए खिलौने और साज श्रंगार से लेकर कई तरह के सामान बिकते नजर आए. जिसे खरीदने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ती रही. महाशिवरात्रि के पर्व पर शहर सहित जिले भर के शिवालयों में भोर से लेकर देर शाम तक हर हर महादेव के जयकारे लगते रहे. वहीं श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर कानून-व्यवस्था और यातायात की स्थिति को संभालने के लिए शहर सहित जिले भर के शिवालयों में काफी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे.
धूमधाम से निकली बारात
महाशिवरात्रि के अवसर ममें शहर में शिव पार्वती की बारात बड़े ही धूमधाम से गाजे-बाजे के साथ निकाली गई. बारात में शिव पार्वती के साथ-साथ बजरंग बली भी शामिल रहे. इसके साथ ही घंकी में भगवान भोलेनाथ की एक बड़ी सी प्रतिमा भी शामिल रही. शहर में शिव बारात निकलने के दौरान जगह जगह पर लोगों द्वारा दर्शन-पूजन करने के साथ ही फूल माला से स्वागत किया गया. इस अवसर पर भगवान शिव पार्वती की आरती भी उतारी गई. बारात में शामिल सभी लोग पूरे श्रद्धा भाव के साथ नाचते-गाते नजर आए.
जगह जगह हुआ भण्डारा
महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवालय परिसर से लेकर मोहल्लों में मानस पाठ का आरंभ एक दिन पहले से हो गया था. इसी कड़ी में रविवार को हवन पूजन के बाद भण्डारा आयोजित हुआ. जगह जगह आयोजित भण्डारे का प्रसाद लेने के लिए खासी संख्या में लोग कतारबद्ध खड़े रहे. भण्डारा प्रसाद वितरण के दौरान भी श्रद्धालुओं द्वारा बम भोले और हर हर महादेव के जयकारे लगाए जाते रहे
