जबलपुर: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जबलपुर रेलवे स्टेशन पर एक सराहनीय पहल देखने को मिली जीआरपी जबलपुर की थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने अपने स्टाफ के साथ मिलकर स्टेशन परिसर में कार्यरत और यात्रा कर रही महिलाओं को गुलाब भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जीआरपी टीम ने महिला यात्रियों, महिला सफाई कर्मचारियों, ड्यूटी पर तैनात महिला स्टाफ, महिला कुलियों और स्टेशन परिसर में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा रही महिलाओं को गुलाब देकर महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।
अचानक मिले इस सम्मान से सभी महिलाओं के चेहरे खिल उठे और स्टेशन का माहौल भी उत्साह से भर गया थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत ने कहा कि महिला दिवस के मौके पर एक महिला द्वारा दूसरी महिलाओं का सम्मान करना उनके लिए बेहद गर्व और खुशी का विषय है। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता और प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर जिम्मेदारी निभा रही हैं। चाहे वह घर हो, कार्यस्थल हो या समाज की सेवा का क्षेत्र।
महिलाओं का सम्मान हम सभी की जिम्मेदारी
जीआरपी की इस पहल ने यह संदेश भी दिया कि समाज में महिलाओं के योगदान को पहचानना और उनका सम्मान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे महिला सम्मान की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
