इंदौर: गौरी नगर स्थित एक प्लास्टिक फैक्ट्री में सुबह भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया. घनी बस्ती के बीचों-बीच लगी इस आग ने आस-पास के रहवासियों के लिए संकट खड़ा कर दिया. धुएं और लपटों ने आस-पास के मकानों को चपेट में ले लिया, जिससे लोग घरों से बाहर निकल आए. फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
फायर ब्रिग्रेड से मिली जानकारी के अनुसार आग सुजल प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी, जो कि प्रदीप बुंदेला के नाम से संचालित होती है. बुधवार सुबह करीब 7 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर रवाना हुईं, लेकिन संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों को फैक्ट्री तक पहुंचने में काफी देर हो गई. इस देरी के चलते आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी लपटें पास के मकानों तक जा पहुंचीं.
हालात को काबू में करने के लिए दमकल कर्मियों को करीब 40 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल करना पड़ा. फायर ब्रिगेड के एसआई बलविंदर हुड्डा ने बताया कि रहवासी इलाके में प्लास्टिक फैक्ट्री चलने से आग तेजी से फैली और दमकल वाहनों को पहुंचने में बाधा आई. हालात पर काबू पाने के लिए नगर निगम के टैंकरों की भी मदद ली गई.
दमकलकर्मियों को आग बुझाने में घंटों संघर्ष करना पड़ा. आग लगने के बाद इलाके के रहवासियों में रोष भी देखा गया. लोगों ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की फैक्ट्रियां रहवासी इलाकों से हटाई जाएं ताकि भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके. हादसे में किसी जनहानि की खबर नहीं है, लेकिन फैक्ट्री में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है
