जबलपुर: शहर में यातायात एवं थानों की पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग अभियान चलाए जाने के बावजूद बिना नंबर प्लेट और अधूरे नंबर वाले वाहन सड़कों पर बेखौफ दौड़ते नजर आ रहे हैं। खासतौर पर स्पोर्ट्स और स्टंट बाइक चला रहे युवा नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं।यातायात पुलिस हेलमेट, सीट बेल्ट, लाइसेंस और वाहन दस्तावेजों की जांच कर चालानी कार्रवाई कर रही है, लेकिन इसके बाद भी कई दोपहिया वाहन बिना नंबर प्लेट के शहर की मुख्य सड़कों से लेकर संकरी गलियों तक तेज रफ्तार में दौड़ रहे हैं। इससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ रही है।
दोनों इंडिकेटर जलाकर चलाना बना ट्रेंडयुवाओं में दोनों इंडिकेटर एक साथ जलाकर वाहन चलाने का चलन भी बढ़ गया है। यह ‘फैशन’ न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि अन्य वाहन चालकों के लिए भ्रम की स्थिति पैदा करता है। ऐसे में अचानक मुड़ने से हादसे की संभावना और अधिक बढ़ जाती है।
नाबालिग भी दौड़ा रहे तेज रफ्तार बाइक
शहर में 15 से 21 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं द्वारा तेज रफ्तार वाहन चलाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। कई मामलों में वाहन चालकों के पास न तो वैध लाइसेंस है और न ही वाहनों पर स्पष्ट नंबर अंकित हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो जाता है। नागरिकों कहना है कि यदि ऐसे वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
