शिवपुरी में वकील हत्याकांड: शॉर्ट एनकाउंटर में तीन शूटर गिरफ्तार, एक जख्मी

शिवपुरी: शिवपुरी में अधिवक्ता संजय सक्सेना की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद तीन शूटरों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद और चुनावी रंजिश हत्या का कारण सामने आया है।
थाना करैरा क्षेत्र के चिरली तिराहा के पास यह शॉर्ट एनकाउंटर हुआ। गौरतलब है कि शनिवार सुबह घरियाली मोहल्ला, पुराना बाजार निवासी अधिवक्ता संजय सक्सेना रोजाना की तरह बाइक से न्यायालय जा रहे थे। आनंद सागर मंदिर के पीछे सिद्धन रोड पर घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। जानकारी के मुताबिक एनकाउंटर में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बड़ौनी के घुघसी निवासी गोलू रावत, डबरा के चांदपुर निवासी पपेंद्र रावत और बड़ौनी के घुघसी निवासी जहीर मुसलमान शामिल हैं। आरोपी गोली रावत ने ही शनिवार को कट्टे से वकील की पीठ पर गोली मारी थी। एक गोली लगने से वकील की जान गई थी।
पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ ने बताया कि वारदात के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। आज रविवार को चिरली तिराहा के पास आरोपियों के छिपे होने की सूचना मिली। इस दौरान पुलिस टीम वहां पहुंची, तो आरोपी पपेंद्र रावत ने फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पपेंद्र के पैर में दो गोलियां लगीं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
शिवपुरी एसपी ने बताया कि हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार शाम को ही शिक्षक कमलेश शर्मा, उनके सरपंच चाचा सुनील शर्मा, नीरज शर्मा और उनके साथी आशीष परिहार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया था।
जमीनी विवादों के मुकदमे लड़ने के लिए जाने जाते थे वकील सक्सेना
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अधिवक्ता संजय सक्सेना जमीनी विवादों के मामलों में पैरवी करने और मुकदमे जीतने के लिए जाने जाते थे। परिजनों ने पहले ही जमीनी रंजिश और चुनावी विवाद को हत्या का कारण बताया था।

Next Post

गुप्तेश्वर से अचलेश्वर तक निकली शिव बारात

Sun Feb 15 , 2026
ग्वालियर: गुप्तेश्वर महादेव सेवासंघ द्वारा आज गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से शिव बारात निकाली गयी। चल समारोह की शुरूआत मंदिर परिसर से हुई है। भगवान शिव की बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और भक्त शामिल हुए। चल समारोह गुप्तेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर जनकगंज, हेमू कॉलोनी चौराहा, सराफा बाजार, […]

You May Like