भिण्ड: भिण्ड शहर के पास डिडी गांव से रछेड़ी मार्ग स्थित क्वारी नदी के बीहड़ में एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान राकेश यादव के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह अपनी बेटी की ससुराल दक्षिणी गांव आए हुए थे और आज दोपहर वापस घर लौटने के लिए निकले थे।
ग्रामीणों ने बीहड़ क्षेत्र में शव पड़ा देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर भिण्ड देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस को मृतक के पास से एक मोबाइल फोन मिला।मोबाइल लॉक होने के कारण पुलिस ने तकनीकी सहायता से उसे खुलवाया और उसमें दर्ज नंबरों पर संपर्क किया। इसी दौरान मृतक के दामाद से संपर्क होने पर शव की पहचान हो सकी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
