नगर सहित अंचलों में महाशिवरात्रि का पर्व श्रृद्घाभाव के साथ रविवार को मनाया गया. इस पर्व के चलते शिवालयों पर अल सुबह से शाम तक दर्शनार्थियों की कतारे लगी रही. नागरिकों ने इस पर्व के चलते शिवालयों पर विशेष पूजा अर्चना भी की. नगर में सुबह से ही शिवालयों व अन्य देव स्थानों पर शिव स्तुती का दौर प्रारंभ हो गया था. जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया शिवालयों में श्रृद्घालुओं की भीड बढती गई.
इस पर्व के चलते प्रशासन ने देवालयों पर व्यापक इंतजाम किए गए. क्षेत्र के प्रसिद्घ भोले डुंगरी,हिमलेश्वर,राणौगंज मंदिर व जटाशंकर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर मेले का आयोजन भी हुआ. श्रृद्घालुओं ने भगवान महाकाल का अभिषेक किया. इन शिवालयों में दिनभर दर्शन के लिए लम्बी कतारे लगी रही. इसी प्रकार नगर में ब्रहम्कुमारी संस्था द्वारा भी शिवरात्रि पर विशेष आयोजन कर परम पिता परमेश्वर की झांकी सजाई. पर्व के चलते राणोगंज स्थित छतरी पर पहुंचने के लिए अकोदिया मार्ग पर भी यातायात दबाव अधिक रहा. इस मार्ग पर कई बार जाम की स्थिति बनी. जिसके कारण नागरिक परेशान होते रहे. मंडी में शिवभक्त मंडल के तत्वाधान में शिव बारात धूमधाम से निकाली गई. जिसका शुभारंभ खेडापति हनुमान मंदिर से हुआ. लगभग एक किलोमीटर के काफिले में शामिल विभिन्न प्रकार की झांकियां शामिल की गई. जिसमें विभिन्न देवगणों, भगवान भोलेनाथ,अघोरी आदि की झांकी सजाई गई.
धार्मिक प्रस्तुतियों के बीच मथूरा से आए कलाकारों ने अच्छा समा बांधा. इन कलाकारों ने भगवान भोलेनाथ का नृत्य के साथ ही शानदार अग्नि नृत्य की प्रस्तुति दी. इस दौरान बारात में भूत पिसाच के साथ ही देवगण के रूप में भी बच्चों को सजाया गया था. इस बारात का स्वागत राम मंदिर के समीप, पोस्ट ऑफिस स्थित नीमेश्वर महादेव मंदिर परिसर में फलाहार व अन्य खाद सामग्री की स्टॉल लगाकर किया गया. शिव बारात में कैबिनेट मंत्री इंदरसिंह परमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए. शिव बारात का समापन लोहिया मार्ग पर स्थित माता पार्वती मंदिर पर भगवान शिव व माता पार्वती के विवाह के साथ सम्पन्न हुआ. इसी प्रकार सिटी क्षेत्र में भी भीमपुरा मोहल्ला से शिव बारात निकाली गई, जो कि प्रमुख मार्गो से होते हुए गुजरी. शिव बारात का बडी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और बारात में शामिल शिव भक्तों का कई स्थानों पर स्वागत किया गया.
