छतरपुर:गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम बदुआ में रविवार सुबह जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प हो गई। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे मकान की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि सात लोगों ने मिलकर पति-पत्नी और उनके बेटे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में महिला को गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके पति और बेटे को भी मारपीट में चोटें लगी हैं। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां महिला की हालत गंभीर होने पर उसे सुबह करीब 10:30 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
