क्रेशर प्लांट के कन्वेयर बेल्ट में फंसने से मजदूर की मौत

सतना : शहर से सटे कोलगवां क्षेत्र में स्थित क्रेशर प्लांट में शुक्रवार को हुए हादसे में एक मजदूर की जान चली गई. क्रेशर प्लांट संचालन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए और मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया. लगभग 5 घंटे तक चले गतिरोध के बाद कार्रवाई-मुआवजे का आश्वासन मिलने पर परिजन मृतक का शव ले जाने को तैयार हुए.प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत शहर से कुछ दूरी पर टीटू खत्री का क्रेशर प्लांट संचालित है.

जहां पर काम करनेे वाले मजदूर रमेश चौधरी पिता दुलेचंद उम्र 38 वर्ष निवासी बिरहुली नई बस्ती हर रोज की तरह शुक्रवार की सुबह भी पहुंच गए. बताया गया कि रमेश द्वारा क्रेशर प्लांट के कन्वेयर बेल्ट की सफाई की जा रही थी. लेकिन इसी दौरान अचानक कन्वयूर बेल्ट चलना शुरु हो गई. जिसकी चपेट में आकर फंस जाने के कारण रमेश बुरी तरह घायल हो गया. घटना होती देख आस पास मौजूद लोगों ने रमेश को बाहर निकालते हुए उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया. जहां पर जांच करते ही ड्यूटी डॉक्टर द्वारा रमेश को मृत घोषित कर दिया गया. यह जानकारी सामने आते ही परिजनों के बीच कोहराम मच गया.

इसी दौरान कुछ कामगार सहित ग्रामीण खासी संख्या में अस्पताल परिसर में एकत्र हो गए. वहीं घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा जब शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने का प्रयास किया तो आक्रोशित परिजन सहित ग्रामीण अड़ गए. परिजनों ने क्रेशर प्लांट संचालक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग शुरु कर दी. इसके साथ ही मृतक के परिजनों को 1 करोड़ रु की आर्थिक सहायता की मांग भी की जाने लगी. घटना की गंभीरता को देखते हुए कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी और सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी पुलिस बल के साथ अस्पताल की मर्चुरी पहुंच गए और परिजनों को समझाइस देने का प्रयास किया. लेकिन परिजन कार्रवाई-मुआवजे की मांग पर अड़े रहे.
  12.5 लाख का मिला आश्वासन
आक्रोशित परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि मृतक अपने घर में अकेला कमाने वाला था. मृतक की पत्नी फूलबाई जहां दिव्यांग है वहीं उनके 3 छोटे बच्चे हैं. रमेश पिछले 15 वर्ष से क्रेशर प्लांट में काम कर रहा था. बिना किसी पूर्व सूचना के मशीन चालू कर दिए जाने के कारण रमेश की मौत हो गई. लगभग 5 घंटे तक चले गतिरोध के बाद जब पुलिस प्रशासन की ओर से निष्पक्ष जांच-कार्रवाई का आश्वासन दिया गया.  इसके साथ ही जब मृतक के परिजनों को 12.5 लाख रु के मुआवजे का आश्वासन सामने आया. तक कहीं जाकर परिजन सहित अन्य लोग शव को अस्पताल की मर्चुरी से गांव ले जाने पर राजी हुए. मृतक के शव को गांव ले जाने के लिए शव वाहन की व्यवस्था भी की गई.

Next Post

‘केसरिया’ से ‘पहला नशा’ तक, इन रोमांटिक गानों के साथ मनाएं वैलेंटाइन डे, बनाएं दिन को यादगार

Sat Feb 14 , 2026
वैलेंटाइन डे को खास बनाने के लिए ‘केसरिया’, ‘अपना बना ले’, ‘तुझे कितना चाहने लगे हम’, ‘तुमसे ही’ और ‘पहला नशा’ जैसे रोमांटिक गाने आपकी प्लेलिस्ट में जरूर होने चाहिए। वैलेंटाइन डे प्यार का जश्न मनाने का खास मौका होता है। इस दिन को और भी स्पेशल बनाने के लिए […]

You May Like