
इंदौर. उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने निर्माणाधीन नंदानगर सिविल अस्पताल का निरीक्षण कर जल्द से जल्द ओपीडी प्रारंभ करने के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि शेष कार्य पूर्ण होते ही अस्पताल का लोकार्पण किया जाएगा.
नंदानगर में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल का निर्माण कार्य वर्ष 2022 में शुरू हुआ था. 26,035 वर्गफीट क्षेत्र में बन रहा यह चार मंजिला अस्पताल मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक अग्निशमन व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे, बेसमेंट पार्किंग, मेडिकल गैस पाइपलाइन, एसटीपी और ईपीटी सुविधा, लिफ्ट, जनरेटर और एसी जैसी आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा. निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने एमडी कॉर्पोरेशन से औषधि एवं मेडिकल उपकरणों की आपूर्ति शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने सिविल वर्क में सुधार के सुझाव दिए और अस्पताल में सेंट्रल एसी व फॉल्स सीलिंग लगाने पर जोर दिया. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने मंत्री को आश्वस्त किया कि स्थानीय स्तर से उपकरण क्रय प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और स्टाफ की नियुक्ति हो गई है. स्वतंत्रता दिवस के बाद स्टाफ को अन्य स्थानों से कार्यमुक्त कर नंदानगर सिविल अस्पताल में तैनात किया जाएगा. राज्य स्तर से उपकरण प्राप्त होते ही अस्पताल आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं देने लगेगा.
