फल मंडी में न्यूजीलैंड की कीवी की भरपूर आवक शुरू

इंदौर: शहर की चोइथराम स्थित देवी अहिल्याबाई होलसेल फल मंडी में इन दिनों विदेशी फलों की आवक बढ़ गई है. खास तौर पर न्यूजीलैंड से आने वाली कीवी ने बाजार में दस्तक दे दी है, जिससे व्यापारियों और उपभोक्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है.स्वास्थ्यवर्धक गुणों के कारण कीवी की मांग लगातार बनी हुई है और मांग के अनुरूप इसकी खेप मंगाई जा रही है. फल व्यापारी मुनव्वर शेख ने बताया कि इंदौर की फल मंडी में सामान्य तौर पर कीवी न्यूजीलैंड के अलावा अमेरिका, ग्रीस, ईरान, इराक और अफगानिस्तान से भी आती है.

हालांकि वर्तमान में न्यूजीलैंड की ताजा फसल की आवक शुरू होने से बाजार में अच्छी गुणवत्ता की कीवी उपलब्ध हो रही है. उन्होंने बताया कि कीवी को स्वास्थ्य के लिए बेहद लाभकारी फल माना जाता है. इसमें विटामिन-सी, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जिसके कारण हृदय रोगियों सहित स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोगों में इसकी मांग अधिक रहती है. चिकित्सक भी इसे रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और हृदय स्वास्थ्य के लिए उपयोगी मानते हैं. मंडी में वर्तमान में कीवी की थोक एवं खुदरा कीमत गुणवत्ता के अनुसार 150 से 200 रुपये प्रति किलोग्राम के बीच बनी हुई है. व्यापारियों का कहना है कि फिलहाल मांग के अनुरूप ही माल बुलाया जा रहा है, जिससे कीमतें स्थिर हैं.

मांग में और वृद्धि होगी
व्यापारियों के अनुसार आने वाले दिनों में अन्य देशों से भी कीवी की नई खेप बाजार में पहुंचने लगेगी. आवक बढ़ने पर आपूर्ति में सुधार होगा और कीमतों में कुछ नरमी आने की संभावना है. फिलहाल न्यूजीलैंड की कीवी अपने स्वाद, गुणवत्ता और आकार के कारण ग्राहकों की पहली पसंद बनी हुई है. मंडी कारोबारियों का मानना है कि मौसम बदलने के साथ विदेशी फलों की मांग में और वृद्धि होगी, जिससे आने वाले सप्ताहों में कीवी सहित अन्य आयातित फलों का कारोबार भी तेज रहने की उम्मीद है

Next Post

आकांक्षा चमोला ने सेक्सुअलिटी पर किया नया खुलासा, बोलीं- ‘फिलहाल किसी के साथ रिश्ता नहीं चाहती’

Tue Jul 14 , 2026
Lock Upp 2 में आकांक्षा चमोला ने अपनी निजी जिंदगी और सेक्सुअलिटी को लेकर खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि तलाक की प्रक्रिया के बीच फिलहाल वह किसी भी तरह के रोमांटिक या शारीरिक रिश्ते में दिलचस्पी नहीं। एकता कपूर के रियलिटी शो ‘लॉक अप’ में कंटेस्टेंट अक्सर अपनी निजी […]

You May Like