नयी दिल्ली, 13 फरवरी (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार का तीन करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य का तय समय से एक साल पहले ही पूरा होना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है।
श्री चौहान ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास को जाता है। उन्होंने लिखा, “हमने जो लक्ष्य निर्धारित किया था, उसे हमारी बहनों के सामर्थ्य और परिश्रम के परिणामस्वरूप समय से पहले पूरा कर लिया गया है। हम यहीं रुकने वाले नहीं हैं। अब हमने वर्ष 2029 तक छह करोड़ लखपति दीदी बनाने का नया संकल्प लिया है।”
इससे पहले श्री मोदी ने नये प्रधानमंत्री कार्यालय परिसर ‘तीर्थ भवन’ के नामकरण का अनावरण एवं उद्घाटन के अवसर पर कहा था कि इस नए भवन में लिये गये पहले फैसलों में गरीबों, वंचितों, किसानों, युवा शक्ति और नारी शक्ति के सशक्तिकरण से संबंधित फाइलों पर हस्ताक्षर किए। इन फैसलों में लखपति दीदी योजना के लक्ष्य को दोगुना कर छह करोड़ करना, कृषि अवसंरचना कोष का लक्ष्य एक लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर दो लाख करोड़ रुपये करना भी शामिल है।
