पुरानी दुनिया हुई खत्म, यह भू-राजनीति का नया युग: मार्को रुबियो

वाशिंगटन, 13 फरवरी (वार्ता) अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो इस सप्ताहांत “म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन” में शामिल होने के लिए जर्मनी की यात्रा करेंगे। यह जानकारी अमेरिकी विदेश मंत्रालय के अधिकारिक वेबसाइट से शुक्रवार को प्राप्त हुई।

जर्मनी की यात्रा से पहले संवाददाताओं से बातचीत में श्री रुबियो ने कहा, “दुनिया बहुत तेजी से बदल रही है। पुरानी दुनिया खत्म हो चुकी है, हम भू-राजनीति के एक नए युग में जी रहे हैं और इसके लिए हम सभी को यह फिर से सोचने की आवश्यकता है कि यह युग कैसा होगा और इसमें हमारी क्या भूमिका होगी।”

श्री रुबियो ने कहा कि म्यूनिख सुरक्षा सम्मेलन एक महत्वपूर्ण सम्मेलन है और यह मेरा तीसरा सम्मेलन है, जिसमें दूसरी बार मैं विदेश मंत्री के रूप में भाग ले रहा हूं। यहां अमेरिकी कांग्रेस के कई सदस्य भी शामिल रहेंगे।

यूरोपीय देशों से कटुता कम करने संबंधित सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हमने अपने कई सहयोगियों के साथ निजी तौर पर इस बारे में कई बार बातचीत की है, वे हमारे सहयोगी हैं और हमें इस तरह की बातचीत जारी रखनी चाहिए। शनिवार को, मुझे लगता है एवं उम्मीद है वहां होने वाली बैठकें हमें उस दिशा में आगे बढ़ाएंगी।

ग्रीनलैंड के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुझे पूरा यकीन है कि इस मामले को कोई न कोई जरूर उठाएगा, हम इस पर काम कर रहे हैं और हमें इस बारे में अच्छा लग रहा है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से मुलाकात के सवाल पर उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि वह वहां होंगे और उनसे मिलने का अवसर है। मैं पूरी तरह से निश्चित नहीं हूं लेकिन मुझे यकीन है कि हम उनसे मिलेंगे।

रुस-यूक्रेन युद्ध को उन्होंने एक भयानक युद्ध कहा। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि युद्ध समाप्त हो। लोग पीड़ित हैं। यह असहनीय पीड़ा है। युद्ध की यही समस्या है। इसीलिए युद्ध बुरे होते हैं और इसीलिए हम पिछले एक साल से इस युद्ध को समाप्त करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं।”

इस सवाल के जवाब में कि क्या अमेरिका हंगरी और स्लोवाकिया से रूसी ऊर्जा खरीदना बंद करने का आग्रह करेंगा, श्री रुबियो ने कहा कि हम उनसे बात करेंगे कि क्या करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मैं उन बैठकों में होने वाली चर्चाओं के बारे में विस्तार से बात नहीं करुंगा लेकिन ये ऐसे देश हैं जो हमारे साथ बहुत मजबूत संबंध रखते हैं, अमेरिका के साथ बहुत सहयोग करते हैं और हमारे साथ मिलकर काम करते हैं।

 

 

 

 

Next Post

अमेरिका ने दिया नीदरलैंड्स को 93 रनों से हराया

Fri Feb 13 , 2026
चेन्नई, 13 फरवरी (वार्ता) साई तेजा एम (79) और शुभम रांजने (नाबाद 48) की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद हरमीत सिंह (चार विकेट) और शैडली वान शाल्कविक (तीन विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत अमेरिका ने शुक्रवार को टी-20 विश्वकप के 21वें मुकाबले में नीदरलैंड्स को 93 रनों से शिकस्त दी। […]

You May Like