
सिंगरौली। कोतवाली बैढ़न पुलिस ने आरटीओ कार्यालय के बाहर स्थित ऑनलाइन दुकानों में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए प्रिंटर, लेमिनेशन मशीन, नेटवर्क उपकरण सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार 9-10 फरवरी की मध्य रात्रि आरटीओ कार्यालय के बाहर स्थित करीब आठ ऑनलाइन दुकानों के शटर एवं छत की सीट तोड़कर अज्ञात बदमाशों द्वारा लैपटॉप, प्रिंटर, लेमिनेशन मशीन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में फरियादी पियूष कुमार पाठक निवासी ग्राम चंदावल थाना विंध्यनगर, हाल पता बैढ़न द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई, जिस पर धारा 331(4) 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही आरोपी धनी उर्फ धनवंतरी शर्मा पिता रामलल्लू शर्मा उम्र 20 वर्ष निवासी तेलाई को हिरासत में लेकर पूछतांछ की, जिसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने चोरी का सामान विष्णु दयाल बैस निवासी मलगो को बेचने की जानकारी दी, जिसके आधार पर उसे भी प्रकरण में आरोपी बनाया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 3 प्रिंटर, 1 लेमिनेशन मशीन, एक नेटवर्क उपकरण सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
