दिल्ली मेट्रो सारथी ऐप डाउनलोड पहुंचा एक करोड़ के पार, प्लेटफॉर्म पर एक साथ कई सेवाएं उपलब्ध

नयी दिल्ली, 01 अक्टूबर (वार्ता) दिल्ली मेट्रो सारथी ऐप ने एक करोड़ से अधिक डाउनलोड का महत्वपूर्ण आंकड़ा पार कर लिया है। दिल्ली-एनसीआर में एक माह में ऐप को लगभग 20 लाख बार देखा गया। सारथी ऐप मेट्रो यात्रियों के लिए टिकट प्राप्ति का एक भरोसेमंद सुविधा के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। यह जानकारी दिल्ली मेट्रो ने एक विज्ञप्ति के माध्यम से दी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन इस ऐप के माध्यम से यात्रियों की दैनिक यात्रा को सरल एवं सुविधाजनक बनाने की कोशिश कर रहा है। सारथी ऐप पर परिवहन से जुड़ी विभिन्न सेवाओं के साथ-साथ कई अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

सारथी ऐप को इस प्रकार विकसित किया गया है कि यात्रियों को अपनी यात्रा के दौरान अलग-अलग प्लेटफॉर्मों पर जाने की कम आवश्यकता पड़े तथा उन्हें एक सहज डिजिटल अनुभव प्राप्त हो सके।
ऐप पर विभिन्न परिवहन सेवाओं को एकीकृत किया गया है। इनमें डीटीसी बसें, आईआरसीटीसी पर रेल टिकट बुकिंग, अंतरराज्यीय बस बुकिंग, नमो भारत एवं नोएडा मेट्रो जैसी सेवाएं शामिल हैं। इससे यात्री एक ही प्लेटफॉर्म के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन के विभिन्न साधनों की जानकारी और सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं।

सारथी ऐप पर मेट्रो मानचित्र, पहली और आखिरी मेट्रो के समय, पार्किंग की जानकारी, स्टेशन सुविधाएं, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, बैटरी स्वैपिंग स्टेशन और रूट गाइडेंस जैसी कई दैनिक यात्री सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। परिवहन सेवाओं के अलावा, सारथी ऐप के माध्यम से मोबाइल रिचार्ज, दवाइयों का ऑर्डर, फास्टटैग रिचार्ज तथा अन्य उपयोगिता बिलों का भुगतान जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। ऐप पर वर्चुअल मेट्रो कार्ड की सुविधा भी दी गई है। इन सभी सुविधाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराकर सारथी ऐप यात्रियों के लिए एक सुविधाजनक डिजिटल मोबिलिटी साथी बनकर उभर रहा है, जो परिवहन संबंधी जानकारी, टिकटिंग और अन्य आवश्यक सेवाओं तक आसान पहुंच प्रदान करता है।

यह पहल दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के एकीकृत, डिजिटल-फर्स्ट और यात्री-केंद्रित मोबिलिटी पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के प्रयासों का हिस्सा है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन के अधिकाधिक एकीकृत उपयोग को भी प्रोत्साहित करना है।
विज्ञप्ति के अनुसार, सर्दियों में राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के मद्देनजर दिल्ली-एनसीआर के लोगों को मेट्रो का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही, यात्रियों को अपनी टिकटिंग संबंधी आवश्यकताओं के लिए सारथी ऐप का उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

.....

Next Post

बच्चे दूर, पिता अकेले… जरूरत के वक्त कैसे कटती है जिंदगी?

Thu Oct 1 , 2026
    भोपाल में अकेले रह रहे एक पिता ने बताया कि बच्चे जब साथ रहते हैं तो रोजमर्रा के कामों से लेकर जरूरत के वक्त मदद तक हर जगह उनका साथ मिलता है। लेकिन बच्चों के बाहर रहने पर अचानक तबीयत खराब होने या रात में किसी मदद की […]

You May Like