मुंबई 18 मार्च (वार्ता) चीन की अर्थव्यवस्था को लेकर बढ़ते आशावाद और एशियाई बाजारों में मजबूती के चलते स्थानीय स्तर पर हुई चौतरफा लिवाली की बदौलत आज शेयर बाजार में तूफानी तेजी रही।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स खबर लिखे जाने तक 770.38 अंक अर्थात 1.04 प्रतिशत की छलांग लगाकर 74,940.33 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 228.45 अंक यानी 1.01 प्रतिशत की उड़ान भरकर 22,737.20 पर कारोबार कर रहा है।
कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स 439 अंक की तेजी के साथ 74,608.66 अंक पर खुला लेकिन बिकवाली होने से थोड़ देर बाद ही 74,480.15 अंक के निचले स्तर पर आ गया। वहीं, इसके बाद शुरू हुई ताबड़तोड़ लिवाली की बदौलत 75,094.30 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह निफ्टी भी 154 अंक उछलकर 22,662.25 अंक पर खुला और खबर लिखे जाने तक 22,599.20 अंक के निचले जबकि 22,781.40 अंक के उच्चतम स्तर पर रहा।
विश्लेषकों के अनुसार, चीन की अर्थव्यवस्था को लेकर बढ़ते आशावाद और एशियाई बाजारों में मजबूती के चलते मंगलवार को भारतीय मानक सूचकांक बढ़त पर कारोबार कर रहे हैं। हालांकि, अमेरिका में टैरिफ बढ़ोतरी, फेडरल रिजर्व के बुधवार को ब्याज दर पर आने वाले फैसले और मौजूदा भू-राजनीतिक जोखिमों के कारण निवेशक सतर्कता बरत रहे हैं।
सूरज

