नई दिल्ली। विद्युत मंत्रालय के तहत महारत्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम आरईसी लिमिटेड भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट एवं एक्सपो 2026 में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पावर सेक्टर फाइनेंसिंग और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन में अग्रणी आरईसी अपने विशेष पवेलियन में उन्नत AI आधारित तकनीकों का प्रदर्शन करने के साथ-साथ तीन उच्च स्तरीय वैश्विक विषयगत सत्रों की मेजबानी करेगा। इन सत्रों के माध्यम से कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऊर्जा परिवर्तन और अवसंरचना वित्तपोषण के समन्वय पर व्यापक चर्चा होगी। 16 फरवरी को इंटरनेशनल सोलर अलायंस के साथ ग्लोबल मिशन ऑन AI फॉर एनर्जी सत्र में AI-रेडी और सिटिजन-रेडी पावर सिस्टम पर विचार किया जाएगा, 17 फरवरी को वर्ल्ड बैंक के सहयोग से AI एनर्जी फाइनेंस ट्राइफेक्टा सत्र में ऊर्जा-गहन डेटा सेंटर्स तथा हरित डिजिटल अवसंरचना के लिए नीतिगत और वित्तीय ढाँचे पर विमर्श होगा, जबकि 18 फरवरी को एफएसआर ग्लोबल के साथ इंडिया एनर्जी स्टैक एवं AI-रेडी पावर सेक्टर सत्र में उपभोक्ताओं को सशक्त बनाने वाली इंटरऑपरेबल डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर चर्चा की जाएगी। समिट का प्रमुख आकर्षण पीयर-टू-पीयर (P2P) एनर्जी ट्रेडिंग प्रोग्राम का शुभारंभ होगा, जिससे घरों और छोटे व्यवसायों को अतिरिक्त सौर ऊर्जा की सुरक्षित खरीद-फरोख्त का अवसर मिलेगा और उपभोक्ता सक्रिय ऊर्जा बाजार भागीदार बन सकेंगे। आरईसी लिमिटेड फर्स्ट फ्लोर, हॉल 4 (4F.19) में स्थित अपने 140 वर्गमीटर पवेलियन में ग्रिड दक्षता बढ़ाने, यूटिलिटी प्रदर्शन सुधारने और भारत को स्मार्ट व हरित ऊर्जा भविष्य की ओर अग्रसर करने वाली तकनीकों का प्रदर्शन करेगा। इन पहलों के माध्यम से आरईसी लिमिटेड उन्नत तकनीक और मजबूत अवसंरचना के समन्वय से एक सतत एवं डिजिटल रूप से सशक्त भारत के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराता है।
