स्कूल की लापरवाही से 12वीं के 10 छात्र नहीं दे सके बोर्ड परीक्षा, मान्यता रद्द करने की अनुशंसा

खरगोन। भीकनगांव स्थित गायत्री विद्यापीठ हायर सेकेंडरी स्कूल की गंभीर प्रशासनिक लापरवाही के चलते कक्षा 12वीं के कुछ विद्यार्थी मंगलवार को हुई अंग्रेजी विषय की बोर्ड परीक्षा नहीं दे सके। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर भव्या मित्तल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने स्कूल की मान्यता रद्द करने की अनुशंसा करते हुए लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल के कमिश्नर को पत्र भेजा है।

डीईओ महेंद्र कानुडे के अनुसार स्कूल प्रबंधन ने कक्षा 10वीं के 13 और कक्षा 12वीं के 10 नियमित व स्वाध्यायी छात्रों के परीक्षा फॉर्म तो भरवाए, लेकिन निर्धारित समय-सीमा में माध्यमिक शिक्षा मंडल, भोपाल को परीक्षा शुल्क जमा नहीं किया। अंतिम तिथि बीतने के बाद 9 फरवरी 2026 को बिना मंडल की अनुमति के 3,73,175 रुपये जमा किए गए, जो परीक्षा नियमों का उल्लंघन है। इसी कारण छात्रों के प्रवेश पत्र जारी नहीं हो सके और कक्षा 12 के 10 विद्यार्थी परीक्षा केंद्र में प्रवेश से वंचित रह गए।

डीईओ ने बताया कि इस लापरवाही से छात्रों का शैक्षणिक भविष्य संकट में पड़ गया है। पत्र में स्कूल प्राचार्य व प्रबंधन को पूर्णतः जिम्मेदार ठहराते हुए इसे घोर प्रशासनिक लापरवाही बताया गया है।

इधर, परीक्षा से वंचित होने की जानकारी मिलने पर आक्रोशित पालकों ने सोमवार रात स्कूल परिसर में प्रदर्शन किया और बाद में चक्काजाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली। अधिकारियों के आश्वासन के बाद देर रात करीब दो बजे चक्काजाम समाप्त हुआ।

वहीं स्कूल प्रबंधन का कहना है कि वह प्रभावित विद्यार्थियों की शेष परीक्षाएं दिलवाने के लिए उच्च अधिकारियों से संपर्क में है, जबकि पालकों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Next Post

अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, महिला और बच्ची की मौत, कई घायल

Wed Feb 11 , 2026
रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक महिला और एक बच्ची की मौत हो गई। रायसेन पुलिस सूत्रों के अनुसार रायसेन-सागर मार्ग पर कल देर रात गढ़ी के पास घाटी पर ट्रैक्टर ट्राली पलट जाने से महिला अयुद्धि बाई सहित एक बच्ची की मृत्यु हो गई। कई […]

You May Like