जबलपुर: विशेष मजिस्ट्रेट नगर निगम अरूण कुमार गोयल द्वारा शहर के जिला चिकित्सालय विक्टोरिया अस्पताल जबलपुर में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय अस्पताल परिसर में अत्यधिक गंदगी, बदबू एवं अनेकों अव्यवस्थाएं पाई गयीं। इस दौरान उन्होंने आउॅटसोर्सिंग के मैनेजर पर स्पॉट फाइन किया। इसी तरह अस्पताल की बिल्डिंग निर्माण के ठेकेदार द्वारा अत्यधिक गंदगी एवं सतर्कता से कार्य न करने पाये जाने पर ठेकेदार के उपर भी जुर्माना लगाया।
मजिस्ट्रेट अरूण कुमार गोयल ने बिल्डिंग निरीक्षण के बाद अस्पताल की पाकशाला का भी बारीकी से अवलोकन किया ताकि मरीजों को मिलने वाले भोजन की शुद्धता सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान श्री गोयल ने खाद्य निरीक्षकों के बैठने के लिए उचित प्रबंधन करने के निर्देश दिये ताकि निगरानी करने वाली टीम पूरी क्षमता और बेहतर माहौल में अपना काम कर सके। निरीक्षण के समय विक्टोरिया अस्पताल के मैनेजर अरूण शाह एवं नगर निगम के सी.एस.आई. हर्षा पटैल, अमितकांत दुबे, क्रांति कुमार, अजय कुमार, शोभित पाण्डेय एवं आरती मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
