
भोपाल। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने 12 और 13 सितंबर को शहर के 10 प्रमुख होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया. अभियान में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण, वेज-नॉनवेज पृथक्करण, एक्सपायरी सामग्री, किचन की स्वच्छता, लाइसेंस, मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल, और लेबलिंग की जांच की गई. जांच के दौरान आवश्यक खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए. सड़ी और कीटग्रस्त सामग्री मौके पर नियमानुसार नष्ट कराई गई. कई प्रतिष्ठानों को कमियां दूर करने के निर्देश और सुधार सूचना जारी की गई. होटल सयाजी में एक्सपायरी फिश और चिकन के साथ भंडारण संबंधी कमियां मिलीं. टर्टोकोइज हॉस्पिटैलिटी में कीटग्रस्त मूंग दाल और राजमा नष्ट कराया गया. होटल आदित्य ग्रैंड में एक्सपायरी ब्रेड मिलने पर पनीर का नमूना लिया गया.
साक्षी ढाबा से लिए नमूने
साक्षी ढाबा और महादेव भोजनालय का सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के आधार पर निरीक्षण किया गया. कुछ प्रतिष्ठानों में व्यवस्थाएं संतोषजनक भी पाई गईं. लिए गए नमूने प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं. रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे कार्रवाई होगी.
