वाहनों की खुदरा बिक्री जनवरी में 17.6 प्रतिशत बढ़ी

नयी दिल्ली, 10 फरवरी (वार्ता) वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) सुधारों और अच्छी फसल के कारण वाहनों की खुदरा बिक्री जनवरी में सालाना आधार पर 17.61 प्रतिशत बढ़कर 27,22,558 इकाई पर पहुंच गयी।

वाहन डीलरों के महासंघ (फाडा) द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि जनवरी में दुपहिया की बिक्री एक साल पहले के मुकाबले 20.82 फीसदी बढ़कर 18,52,870 इकाई पर पहुंच गयी। इस दौरान यात्री वाहनों की बिक्री 5,13,475 इकाई रही जो 7.22 प्रतिशत की वृद्धि दिखाता है।

वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 15.07 प्रतिशत और तिपहिया की 18.80 प्रतिशत बढ़ी। देश में जनवरी में कुल 1,07,486 वाणिज्यिक वाहन और 1,27,134 तिपहिया वाहन बिके। ट्रैक्टरों की बिक्री 22.89 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1,14,759 इकाई पर पहुंच गयी। निर्माण उपकरणों की बिक्री में 21.09 प्रतिशत की गिरावट रही और यह 6,834 इकाई दर्ज की गयी।

बिक्री बढ़ाने में सबसे अधिक योगदान दुपहिया वाहनों का रहा। दुपहिया वाहनों की 56 प्रतिशत बिक्री ग्रामीण क्षेत्रों में और 44 प्रतिशत शहरी क्षेत्रों में हुई। यात्री वाहनों (कार, उपयोगी वाहन और वैन) की में 59.2 प्रतिशत बिक्री शहरी और 40.8 प्रतिशत ग्रामीण इलाकों में हुई।

फाडा के अध्यक्ष सी.एस. विग्नेश्वर ने कहा कि इस वृद्धि में जीएसटी सुधारों के बाद जारी तेजी, अच्छी फसल के बाद ग्रामीण इलाकों में पर्याप्त आय और यात्री परिवहन तथा माल ढुलाई की मांग का सबसे अधिक योगदान रहा। उन्होंने बताया कि निर्माण उपकरणों की जनवरी 2025 में बहुत अच्छी बिक्री हुई थी और इसलिए तुलनात्मक रूप से इस साल जनवरी में उसके आंकड़े गिरावट में हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 72.56 प्रतिशत डीलरों का मानना है कि फरवरी में भी बिक्री में तेजी जारी रहेगी। वहीं, 4.51 प्रतिशत ने गिरावट की आशंका जतायी है।

 

Next Post

ईयू-नाटो के बीच एकजुटता की कमजोरी को दर्शाती है ग्रीनलैंड की स्थिति : लावरोव

Tue Feb 10 , 2026
मॉस्को, 10 फरवरी (वार्ता) रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने सोमवार को कहा कि ग्रीनलैंड के आसपास की स्थिति से उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) और यूरोपीय संघ (ईयू) के इर्द-गिर्द निर्मित एकजुटता, पारस्परिक सहायता और समझ की छवि की कमजोरी को उजागर हुआ है। रूसी प्रसारक एनटीवी को […]

You May Like

मनोरंजन