ओवरटेक की सनक बनी मौत की वजह, चार्टर्ड बस ने एक्टिवा सवार दंपत्ति को कुचला

इंदौर: तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं. मांगलिया क्षेत्र में ओवरटेक के प्रयास में एक चार्टर्ड बस ने एक्टिवा सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी. हादसा इतना भयावह था कि बस का टायर सिर पर चढ़ जाने से पति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से जूझ रही है.घटना बीती रात करीब सवा 11 बजे शिप्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत मांगलिया स्थित शनि मंदिर के पास हुई.

नगीना कॉलोनी एमआईजी निवासी अंकित कुशवाह अपने बड़े भाई संतोष कुशवाह और भाभी कपूरी बाई के साथ देवास से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे. संतोष अपनी पत्नी के साथ एक्टिवा पर आगे चल रहे थे, जबकि अंकित पीछे दूसरी गाड़ी से आ रहा था. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही चार्टर्ड बस नम्बर एमपी 13 पी 7290 के चालक ने लापरवाही से ओवरटेक करने की कोशिश की और एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर से दंपत्ति सड़क पर गिर पड़े.

इससे पहले कि संतोष संभल पाते, बस का पिछला टायर उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सड़क खून से लाल हो गई और लोगों की चीख-पुकार गूंज उठी. अंकित और राहगीरों ने बस को रुकवाकर तुरंत पुलिस को सूचना दी. गंभीर रूप से घायल कपूरी बाई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया. दुर्घटनाग्रस्त चार्टर्ड बस को जब्त कर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.

Next Post

सुप्रीम कोर्ट ने हिमंत सरमा के हेट स्पीच मामले में कहा, राजनीतिक लड़ाइयां अक्सर अदालत में लड़ी जाती हैं

Tue Feb 10 , 2026
नयी दिल्ली, 10 फरवरी (वार्ता) उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के कथित हेट स्पीच मामले में याचिकाओं के ‘उल्लेख’ पर गौर करने के दौरान टिप्पणी की कि राजनीतिक लड़ाई विशेष रूप से चुनाव की अवधि के दौरान, अक्सर अदालतों में लड़ी जाती है। मुख्य […]

You May Like