सराफा व्यापारी को गोली मारकर आभूषण से भरे बैग लूटे

मंडला: सुस्त पुलिसिंग का फायदा उठाते हुए अज्ञात कार सवार लुटेरों ने सराफा व्यापारी को गोली मार दी और आभूषणों से भरे दो बैग छीनकर फरार हो गए। जबलपुर मार्ग कटरा स्थित आयुषी ज्वेलर्स में शाम करीब 7.30 बजे दुकान बंद करने के दौरान हुई इस सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। बताया गया कि गोली व्यापारी के पैर में लगी है, जिसे उपचार के लिए तत्काल जिला अस्पताल मंडला में भर्ती कराया गया। वारदात की सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
जानकारी अनुसार आयुषी ज्वेलर्स के संचालक आयुष सोनी दुकान बंद कर रहे थे और उन्होंने आभूषणों से भरे दो बैग कार चालक को रखने के लिए दिए। इसी बीच एक कार रुकी और लुटेरों ने पहले चालक पर फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनकर चालक दुकान की ओर भागा। कार से उतरे लुटेरों ने तत्काल आयुष सोनी की कार से आभूषणों से भरे बैग उठा लिए। आयुष सोनी को रोकने की कोशिश करने पर लुटेरों ने उन पर भी फायरिंग कर दी, जिससे उनके पैर में गोली लगी और एक लुटेरे ने उनके चेहरे पर पंच भी मारा।
गोलियां चलने की आवाज सुनकर मुख्य मार्ग के रहवासी और व्यवसायी प्रतिष्ठानों में सनसनी फैल गई। घायल आयुष सोनी को अस्पताल पहुंचाया गया। कोतवाली पुलिस बल और पुलिस अफसरों की टीम घटना की जानकारी लेकर कार्रवाई में जुट गई है। लुटेरों को पकडऩे के लिए जबलपुर-रायपुर हाइवे पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। पांच लुटेरों द्वारा की गई यह वारदात पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है।

Next Post

भारत सरकार के उप महारजिस्ट्रार जनगणना कार्य का निरीक्षण करने ग्वालियर आए

Fri Nov 21 , 2025
ग्वालियर: जनगणना 2027 के पूर्व परीक्षण (मकान सूचीकरण एंव मकानों की गणना) का फील्ड कार्य ग्वालियर नगर निगम द्वारा वार्ड 05 एवं 64 में किया जा रहा है जिसका निरीक्षण आज शुक्रवार को भारत सरकार के उपमहारजिस्ट्रार धीरज जैन द्वारा किया जायेगा। प्रमुख जनगणना अधिकारी नगर निगम संघ प्रिय ने […]

You May Like