नई दिल्ली | भारतीय और अंतरराष्ट्रीय सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले दो दिनों से जारी तेजी पर आज ब्रेक लग गया, जिसका मुख्य कारण वैश्विक बाजार में अमेरिकी डॉलर की मजबूती को माना जा रहा है। मंगलवार सुबह मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर प्रॉफिट बुकिंग के चलते सोने के भाव में गिरावट देखी गई। अप्रैल एक्सपायरी वाला सोना करीब ₹866 (0.96%) टूटकर ₹1,57,200 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता देखा गया। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि डॉलर इंडेक्स में 0.2 प्रतिशत की बढ़त ने पीली धातु पर दबाव बढ़ा दिया है।
चांदी के खरीदारों के लिए आज का दिन बड़ी राहत लेकर आया है। MCX पर मार्च एक्सपायरी वाली चांदी के दाम में ₹3,129 (1.19%) की भारी कमी आई है, जिसके बाद यह ₹2,59,491 प्रति किलोग्राम के स्तर पर ट्रेड कर रही है। सोमवार को चांदी ₹2,62,620 पर बंद हुई थी, लेकिन आज सुबह यह ₹2,59,997 पर खुली और कुछ ही घंटों में इसमें बड़ी गिरावट दर्ज की गई। औद्योगिक मांग में स्थिरता और निवेशकों द्वारा ऊंचे स्तरों पर की गई बिकवाली को इस गिरावट की प्रमुख वजह माना जा रहा है, जिससे खुदरा बाजार में भी कीमतों के कम होने की उम्मीद है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोने की कीमत फिसलकर 5,016.56 डॉलर प्रति औंस पर आ गई है, वहीं चांदी 81.31 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर देखी गई। केवल सोना-चांदी ही नहीं, बल्कि प्लेटिनम और पैलेडियम जैसी अन्य कीमती धातुओं में भी 1.6% से 1.7% तक की गिरावट दर्ज की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि जब तक अमेरिका से महंगाई और रोजगार के नए आंकड़े सामने नहीं आ जाते, तब तक बाजार में इसी तरह का उतार-चढ़ाव बना रहेगा। फिलहाल, कीमतों में आई इस कमी को निवेशकों और आभूषण विक्रेताओं के लिए खरीदारी का एक अच्छा अवसर माना जा रहा है।

