लाहौर, (वार्ता) पाकिस्तान के भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने मैच के बहिष्कार को वापस लेने की बातचीत के जोर पकड़ने के बीच बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम लाहौर पहुंच गए हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के निदेशक इमरान ख्वाजा की मौजूदगी में अमीनुल इस्लाम पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) चेयरमैन मोहसिन नकवी से मुलाकात करेंगे। नकवी द्वारा पाकिस्तान के इस मैच में खेलने पर संशय पैदा करने के बाद से ही ख्वाजा पर्दे के पीछे चल रही इस बातचीत का हिस्सा रहे हैं।
आईसीसी के साथ बातचीत के लिए बीसीबी अध्यक्ष का लाहौर पहुंचना उसी चीज का हिस्सा है जिसमें यह दिखाया गया कि टी-20 विश्व कप से बंगलादेश को बाहर किए जाने पर पीसीबी उनके साथ खड़ी है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस चीज को भी एक कारण बताया जिससे उनकी सरकार ने पाकिस्तान को भारत के साथ होने वाले मैच खेलने से मना किया।
पाकिस्तान की सरकार द्वारा भारत के खिलाफ मैच को लेकर दिए गए बयान के बाद से ही पीसीबी लगातार खामोश ही रही है। दूसरी ओर आईसीसी ने भी पिछले रविवार को पाकिस्तान की सरकार के इस फ़ैसले के बारे में पता होने की बात कहने के बाद से कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है। आठ फरवरी को बोर्ड ने इस्लाम के आने की बात बताई और कहा कि वह नकवी से मुलाकात के साथ ही बैठक में भी हिस्सा लेंगे।
