भिंड: संबल योजना और कर्मकार मंडल में हुए करीब तीन करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस प्रकरण में अब तक कुल छह आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।नगर पालिका भिंड में संबल योजना में हुए भ्रष्टाचार की जांच की जा रही है। विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपितों ने पहले से गिरफ्तार मुख्य आरोपित के साथ मिलकर हितग्राहियों की जगह अपने और अपने स्वजन के बैंक खाते लगाकर योजना की राशि हड़प ली।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि तीनों आरोपितों ने अपने और स्वजन के खातों में करीब 56 लाख रुपये ट्रांसफर कराए। इनमें से 17 लाख रुपये मुख्य आरोपित को दिए जाने की जानकारी सामने आई है, जबकि शेष राशि आरोपियों ने स्वयं उपयोग कर ली। पुलिस ने इस मामले में 30 वर्षीय जितेंद्र पुत्र आज्ञाराम वर्मा निवासी गांधीनगर भिंड, 59 वर्षीय संतोष पुत्र राम सहाय शाक्य और 47 वर्षीय मंजू पत्नी पुजारी लाल अर्गल निवासी दर्पण कॉलोनी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों के कब्जे से एक प्लॉट की रजिस्ट्री भी जब्त की गई है।
