कार पार्किंग को लेकर विवाद, घर में घुसकर मारपीट
इंदौर: एमआईजी थाना क्षेत्र में कार पार्किंग को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे के घर में घुसकर मारपीट कर दी. यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.थाना प्रभारी चंद्रभाल सिंह ने बताया कि अंबेडकर नगर में रहने वाली दीपाली परसाई की शिकायत पर चंचल यादव, नयन यादव और रमेश यादव के खिलाफ मारपीट और जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करने का मामला दर्ज किया है.
दीपाली ने पुलिस को बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं. सुबह उनका परिवार घर पर था, तभी रमेश यादव, चंचल और नयन घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने लगे. दीपाली ने पुलिस को यह भी बताया कि उन्होंने जाति सूचक शब्द कहते हुए घर में घुसकर मेरे पिता यशवंत पर हमला कर दिया. इसी बीच जब मां बीच-बचाव करने आईं, तो उन्हें भी पीट दिया. चंचंल, नजर और रमेश इतने आक्रोशित हो गए थे कि उन्हें बीच बचाव करने आए किराएदारों को भी पीट दिया.
वहीं पुलिस ने दूसरे पक्ष में चंचल यादव की शिकायत पर यशवंत और उनके किराएदार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. चंचल ने पुलिस को बताया कि यशवंत की कार उनके घर के बाहर खड़ी थी, जिसे हटाने के लिए कहा गया था. इसी को लेकर विवाद हुआ और यशवंत ने सड़क से पत्थर उठाकर उनके पिता रमेश के चेहरे पर मार दिया, जिससे उन्हें चोट आई. साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लियाहै
