इंदौर: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हीरानगर पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहे दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 13.30 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपए बताई जा रही है. दोनों आरोपियों पर पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं.
पुलिस के अनुसार 6 फरवरी को एमआर-10 रोड स्थित आदित्य गेटवे बिल्डिंग के पीछे नाले के पास संदिग्ध हालत में खड़े दो युवकों को रोका गया. पुलिस वाहन देखकर भागने लगे, इस पर पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रोहन कदम (24) निवासी भाग्यलक्ष्मी कॉलोनी और गोपाल उर्फ दीपक अहिरवार (23) निवासी हीरानगर मेन रोड बताए. तलाशी में उनके बैग से भूरे रंग का पाउडर मिला, जो ब्राउन शुगर निकला. पुलिस अब उनसे इस संबंध में पूछताछ कर रही है.
