
खरगोन। शुक्रवार को शहर में कांग्रेस ने वोट चोर, गद्दी छोड़ रैली और सभा का आयोजन कर कांग्रेस की ताकत दिखाने का प्रयास किया गया। इस रैली में न केवल जिले बल्कि प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेता भी शामिल हुए।
दोपहर एक बजे रैली के रुप में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी अनाज मंडी पहुंचे। यहां प्रदेश में गौ मांस टैक्स फ्री करने, अवैध शराब सहित फसलों के दामों को लेकर सरकार को घेरने के साथ ही कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को एकजुटता का पाठ भी पढ़ाया। पटवारी ने चुटकी लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कहते है प्रदेश में गौवध प्रतिबंधित है, अरे भाई जब गौवश प्रतिबंधित है तो गौमांस पर टैक्स छूट किसके लिए। यह किसे मुर्ख बना रहे हो। प्रदेश में गौवध नही होने देंगे। सभा को राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी सचिव संजय दत्त, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रवि जोशी, पूर्व मंत्री विजय लक्ष्मी साधौ, पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन, विधायक झूमा सोलंकी, केदार डावर, ने भी संबोधित किया। इस दौरान मोंटू सोलंकी और ग्यारसीलाल रावत मौजूद रहे। संचालन जिलाध्यक्ष रवि नाईक ने किया आभार उपाध्यक्ष विजय कोचले ने माना।
सभा में पटवारी ने जिले की महती बिंजलवाडा सिंचाई परियोजना में गड़बड़ी, अनियमितता की शिकायत पर कहा कि उपस्थित कार्यकर्ताओं में कई किसान है। पार्टी किसानों के साथ है, योजना का लाभ दिलाने के लिए जिले से प्रदेश स्तर तक पार्टी आंदोलन करेगी। उन्होंने मंत्री विजयवर्गीय के कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी पर की गई टिप्पणी पर आक्रोश जताते हुए कहा कि विजयवर्गीय अपना दिमागी संतुलन खो बैठे है। सरकार उनक ईलाज करा ले नही तो हमारी सरकार आने पर हम ईलाज कर देंगे। पटवारी यही नही रुके उन्होंने कहा कि मैंने प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं को कहा है कि विजयवर्गीय का पुतला फूंको। सभा के बाद आनन-फानन में कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंककर आक्रोश दर्ज कराया।
