
जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी के विरुद्ध की गई अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेसियों का आक्रोश फूट गया और बड़ी संख्या में एकत्रित होकर कांग्रेसियों ने मालवीय चौक पर कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया और भाजपा नेतृत्व के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि भाजपा यदि विजयवर्गीय पर तत्काल कार्यवाही कर उन्हें पद से नहीं हटाती और सार्वजनिक रूप से उनसे कांग्रेस नेतृत्व तथा देश की जनता से क्षमा याचना नहीं कराती तो कांग्रेसजन और उग्र आंदोलन करेंगे।
प्रदर्शन के दौरान सभी कांग्रेसियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि कांग्रेस पार्टी अपने शीर्ष नेतृत्व के मान और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और भविष्य में भी इस प्रकार की अभद्रता का माकूल जवाब सड़कों पर उतरकर दिया जाएगा।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने कहा है कि आपत्तिजनक टिप्पणी से पूरे कांग्रेसियों की भावनाएं आहत हुईं हैं। यह बयान केवल व्यक्तिगत स्तर पर अपमान नहीं है बल्कि भारतीय लोकतांत्रिक परंपराओं, शिष्ट राजनीतिक संवाद और सामाजिक मर्यादा का भी उल्लंघन है। विरोध कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर और जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल, प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रदर्शन में दिनेश यादव, अमरीश मिश्रा, सतीश तिवारी, मतीन अंसारी, कमलेश यादव, इंद्रा पाठक, अनुराग गढ़वाल, रुकमणी गोंटिया,अयोध्या तिवारी,संतोष दुबे पंडा, गुड्डू नबी, अख्तर अंसारी, सत्येंद्र चौबे गुड्डा, अतुल बाजपेयी,विवेक अवस्थी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसियों की उपस्थिति रही।
