इंदौर: लसूड़िया थाना क्षेत्र के बेलमोर्ट पार्क में स्थित मेंटेनेंस और टाउनशिप बिल्डर के कार्यालय में आज सुबह अचानक आग लग गई. हादसे में ऑफिस में रखा पूरा सामान और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर खाक हो गए. सूचना मिलने पर पहुँची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.
लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित बेलमोर्ट पार्क के मेंटेनेंस ऑफिस में सुबह करीब 5 बजे आग लग गई. मौके पर मौजूद गार्ड ने सबसे पहले धुआं उठता देखा और आसपास के लोगों को सूचना दी. स्थानीय लोगों ने प्रारंभिक प्रयास किए, लेकिन आग तेजी से फैल गई. सूचना मिलते ही दमकल की टीम पहुंची और आग पर नियंत्रण किया गया. फायर ब्रिगेड के एएसआई सुशील कुमार दुबे ने बताया कि आग में ऑफिस का पूरा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए. आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.
सब्जी दुकान में भड़की आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
भंवरकुआं थाना क्षेत्र के अंतर्गत खंडवा रोड स्थित अनुराधा नगर में भी बुधवार अलसुबह एक सब्जी की दुकान में आग लग गई. इसमें दुकान के भीतर रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया. फायर ब्रिगेड के अनुसार, आग अनुराधा नगर निवासी बबली पति प्रीतम सिंह की सब्जी दुकान में लगी थी. सुबह तड़के अचानक दुकान से लपटें उठती देख क्षेत्र के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुँची और करीब 1000 लीटर पानी का उपयोग कर आग पर पूरी तरह काबू पाया. शुरुआती जांच और परिस्थितियों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट की वजह से यह आग भड़की होगी.
महिदपुर वाला फर्नीचर वाली मल्टी में सुलगी आग
वहीं, रेडिसन चौराहे के पास महिदपुर वाला फर्नीचर की बहुमंजिला बिल्डिंग के सातवें माले पर भी बुधवार सुबह करीब 10.30 बजे आग लग गई. सूचना मिलने के करीब 15 मिनट के भीतर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं. आग बिल्डिंग के पिछले हिस्से में लगी थी, जिससे पूरे परिसर में धुआं भर गया. दमकलकर्मियों ने कर्मचारियों की मदद से आग पर काबू पा लिया. घटना की सूचना पर विजयनगर और खजराना थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची. दमकल अधिकारियों के अनुसार यहां भी शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है.
