ग्वालियर: भोपाल में गोंडवाना छात्र संघ की रैली के दौरान जनजातीय समाज के प्रति अभद्र भाषा के इस्तेमाल और सांस्कृतिक पहचान ‘जोहार’ शब्द का अपमान किए जाने के आरोपों को लेकर मप्र अनुसूचित जाति-जनजाति अधिकारी एवं कर्मचारी संघ (अजाक्स) जिला ग्वालियर ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला अध्यक्ष विजय कुमार पिपरोलिया के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
जिला अध्यक्ष पिपरोलिया ने कहा कि 13 अक्टूबर को भोपाल में गोंडवाना छात्र संघ मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित शांतिपूर्ण रैली के दौरान पुलिस ने छात्रों को गिरफ्तार किया। साथ ही पुलिस निरीक्षक रतन सिंह परिहार एवं अन्य पुलिसकर्मियों पर आदिवासी छात्रों को वाहन में बैठाकर धमकाने तथा जनजातीय समाज की पारंपरिक सांस्कृतिक पहचान ‘जोहार’ शब्द का मजाक उड़ाने के आरोप लगाए गए। इस तरह का व्यवहार समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है। अजाक्स ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की।
