शिवपुरी: शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तलवेंऊ गांव के पास खाती बाबा मंदिर के समीप पहाड़िया पर जंगल में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की हत्या कर शव को गड्ढे में पत्थरों से ढककर दफनाया गया था।इस सनसनीखेज मामले का खुलासा तब हुआ, जब राजगढ़ जिले की खिलचीपुर थाना पुलिस ने दतिया जिले के एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसकी निशानदेही पर दिनारा व खिलचीपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शव बरामद किया। शव का पोस्टमॉर्टम करेरा में कराया जा रहा है। आगे की कार्रवाई खिलचीपुर थाना पुलिस करेगी। इसके चलते पोस्टमॉर्टम कराकर शव और पकड़े गए आरोपी को राजगढ़ ले जाया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, राजगढ़ जिले के बमौरी गांव, थाना तलेंन का रहने वाला 26 वर्षीय जीवन कुमार यादव, पिता जगदीश यादव, मजदूरी के सिलसिले में अपनी पत्नी के साथ खिलचीपुर क्षेत्र में रह रहा था। इसी दौरान करीब सात महीने पहले उसकी पहचान करेरा थाना क्षेत्र के नारही गांव निवासी छोटू ठाकुर से हुई। दोस्ती बढ़ने के बाद छोटू ठाकुर का जीवन के घर आना-जाना शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान छोटू ठाकुर और जीवन की पत्नी के बीच बातचीत होने लगी, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई। यही बाद में इस खौफनाक साजिश का रूप ले लिया।
