
इंदौर। सोशल मीडिया के दुरुपयोग और साइबर स्टॉकिंग का एक गंभीर मामला हीरानगर थाना क्षेत्र में सामने आया है। एक अज्ञात सिरफिरा पिछले दो महीनों से एक 17 वर्षीय किशोरी और उसके परिवार को अलग-अलग इंस्टाग्राम आईडी बनाकर प्रताड़ित कर रहा है। लगातार मिल रही धमकियों और अभद्र संदेशों से तंग आकर नाबालिग पीड़िता डिप्रेशन में चली गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हीरानगर पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि पिछले दो महीनों से एक अज्ञात व्यक्ति उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर निशाना बना रहा है। आरोपी इतना शातिर है कि जब भी पीड़िता किसी आईडी को ब्लॉक करती, वह तुरंत एक नई आईडी बनाकर उसे फॉलो करने लगता और अभद्र मैसेज भेजना शुरू कर देता।पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने केवल उसे ही नहीं, बल्कि उसके परिवार के सदस्यों और दोस्तों को भी सोशल मीडिया पर ढूंढ निकाला और उन्हें भी गंदे मैसेज भेजकर परेशान करना शुरू कर दिया। आरोपी की इस हरकत के कारण किशोरी का घर से निकलना और सामान्य जीवन जीना मुश्किल हो गया है। लगातार हो रही इस मानसिक प्रताड़ना के कारण वह गहरे तनाव और डिप्रेशन में है।हीरानगर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से उन फर्जी इंस्टाग्राम आईडी का आईपी एड्रेस और मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर रही है, जिनसे मैसेज भेजे गए थे।
