सीहोर। राजस्व मंत्री करणसिंह वर्मा ने ग्राम नापलाखेड़ी में 56.09 लाख रुपए की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र और ग्राम धामंदा में 65 लाख रुपए लागत से निर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लोकार्पण किया. नापलाखेड़ी में लोकार्पण अवसर पर प्रसिद्ध कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा भी उपस्थित थे.
इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने के लिए सतत रूप से कार्य कर रही है. ग्रामीण स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है, जिससे आमजनों को उपचार के लिए परेशान न होना पड़े. नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर के प्रारंभ होने से क्षेत्र के नागरिकों को प्राथमिक उपचार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण तथा विभिन्न जांच एवं परामर्श सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही प्राप्त हो सकेंगी. आयुष्मान भारत योजना से पात्र हितग्राहियों को नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है. राज्य सरकार का लक्ष्य केवल उपचार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति भी जागरूक करना है. नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, संतुलित आहार, पेयजल तथा साफ- सफाई को अपनाते हुए बीमारियों से बचा जा सकता है. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार निरंतर स्वास्थ्य अधोसंरचना का विस्तार कर रही है.नए स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना, पुराने भवनों का उन्नयन, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की पदस्थापना की जा रही है. कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी गई. इस दौरान जगदीश पटेल, शंकर पटेल, सीएमएचओ सुधीर कुमार डेहरिया आदि उपस्थित थे.
